लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस ने अब विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा के विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनावों की तैयारियों के बीच, आज कांग्रेस की एक बैठक हो रही है। इस दौरान मणिपुर संकट से लेकर तमाम मुद्दों पर बात होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सभी महासचिवों, पीसीसी अध्यक्ष और पार्टी के राज्य प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस दौरान, लोकसभा के नेता राहुल गांधी भी मौजूद हैं। मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा, ‘मैं बैठक में मणिपुर मामले को उठाऊंगा क्योंकि राज्य में संकट जारी है। सरकार और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। कल हमारा विधानसभा सत्र समाप्त हुआ। विधानसभा में विपक्षी विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया। हम मणिपुर के लिए सरकार से ठोस रोडमैप की मांग करते हैं।’





