Friday, September 20, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

ये नकारात्मक राजनीति : प्रियंका गांधी

आपातकाल लागू किए जाने की तारीख 25 जून को हर वर्ष संविधान हत्या दिवस के रूप में मानने के केंद्र सरकार के फैसले को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नकारात्मक राजनीति का हिस्सा बताया। भाजपा पर तीखा हमला करते हुए प्रियंका ने कहा, यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि जिन लोगों ने संविधान का विरोध किया और इसे खत्म करने का आह्वान किया, वे ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाने की नकारात्मक राजनीति में लिप्त होंगे। गृहमंत्री अमित शाह की घोषणा पर पलटवार करते हुए प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा, भारत की महान जनता ने ऐतिहासिक लड़ाई लड़कर स्वतंत्रता और अपना संविधान हासिल किया है। जिन्होंने संविधान बनाया, जिनकी संविधान में आस्था है, वही संविधान की रक्षा करेंगे। जिन लोगों ने संविधान के क्रियान्वयन का विरोध किया, संविधान की समीक्षा के लिए आयोग बनाया, संविधान को खत्म करने की बात कही, अपने निर्णयों और कार्यों से संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर बार-बार हमला किया, वे लोग संविधान हत्या दिवस मनाने की नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। इसमें आश्चर्य की क्या बात है?

राजग सरकार के ‘संविधान हत्या दिवस’ की घोषणा के जवाब में कांग्रेस ने कहा कि 4 जून इतिहास में ‘मोदी मुक्ति दिवस’ के रूप में दर्ज होगा। 4 जून को आए लोकसभा नतीजों में भाजपा को 240 सीटें मिलीं, जो 272 के बहुमत के आंकड़े से कम है। हालांकि, पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने 293 सीटों के साथ लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल किया।

तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा अपनी जनविरोधी नीतियों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। इंदिरा गांधी की आलोचना की गई है। वे एक बार हार गईं और वह प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में वापस आईं। इसलिए वह अध्याय इतिहास का सिर्फ एक पन्ना था और वर्षों बाद, भाजपा अपनी जनविरोधी नीतियों, आपदाओं और देश की खराब स्थिति से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। वे यह पुराना कार्ड खेलने की कोशिश कर रहे हैं।

Popular Articles