अमेरिका में पांच नवंबर को चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। यहां राष्ट्रपति पद के लिए दो नेताओं जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला है। दोनों ही प्रतिद्वंद्वी एक दूसरे पर हमलावर हैं। हाल ही में दोनों के बीच प्राथमिक बहस हुई थी, जिसमें कहा जा रहा कि बाइडन का प्रदर्शन काफी खराब रहा। अब यह बात खुद राष्ट्रपति ने मान ली है। हालांकि, अब खराब बहस का ठीकरा वह अपनी विदेश यात्रा पर फोड़ रहे हैं। राष्ट्रपति बाइडन ने मंगलवार को अपने खराब बहस प्रदर्शन के लिए विदेश यात्रा को दोषी ठहराते हुए कहा कि वह पिछले सप्ताह मंच पर लगभग सो गए थे।
उन्होंने वर्जीनिया में अपने अभियान को दान देने वालों से कहा, ‘मैं बहुत ज्यादा होशियार नहीं था। बहस से कुछ समय पहले, मैंने दुनिया भर के देशों की दो बार यात्रा करने का फैसला किया। मैंने अपने कर्मचारियों की बात नहीं सुनी और फिर मैं लगभग मंच पर सो गया।’ बहस की तैयारी के लिए राष्ट्रपति पूरे एक सप्ताह कैंप डेविड में थे। वह वहां 20 जून को गए पहुंचे थे। बाद में 27 जून की सुबह वह अटलांटा की यात्रा के लिए निकले। उसके बाद 14 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की यात्रा से लौटे थे। इससे छह दिन पहले वह कैंप में थे। इटली की यात्रा से पहले, उन्होंने डी-डे की सालगिरह के लिए फ्रांस की यात्रा की, जो छह जून को थी। बाइडन ने मंगलवार को कहा कि यह कोई बहाना नहीं है, बल्कि सिर्फ स्पष्टीकरण है। उन्होंने अपने दानदाताओं से खराब प्रदर्शन के लिए खेद जताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव जीतना महत्वपूर्ण है।





