हल्द्वानी। 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर बीएलएम एकेडमी, हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) एवं आयुष मंत्रालय के सहयोग से एक दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। राज्य स्तर पर प्राकृतिक चिकित्सा और योग में विशेष प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसमें सौम्या जोशी, शैली सैनी एवं गणेश कांडपाल को राज्य स्तर पर विशेष प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने पर अध्ययन कुमार, तनिष्क लोशाली और प्रांजल शर्मा को प्रधानाचार्य डॉ. गायत्री कंवर हेड एडमिन एंड एच आर डॉ. अमर सिंह कंवर, उप प्रधानाचार्य पूनम क्वात्रा एवं प्रशासक हर्ष गोयल ने
स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यशाला में योगाचार्य हेमंत जोशी ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग आहार चिकित्सा का दैनिक जीवन में महत्व विस्तार से समझाया।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, गलत खान-पान और तनाव के कारण बीमारियाँ बढ़ रही हैं। ऐसे में प्राकृतिक चिकित्सा ही एकमात्र ऐसा माध्यम है, जो बिना दवाई के शरीर को स्वस्थ रखता है।
उन्होंने मिट्टी, जल, धूप, वायु और आकाश इन पंचतत्वों की महत्ता बताई। साथ ही बताया कि सुबह जल्दी उठना, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, संतुलित आहार और समय पर सोना ही स्वस्थ जीवन का आधार है। आहार ही औषधि है, यदि हमारा आहार शुद्ध और सात्विक होगा तो बीमारियाँ हमसे दूर रहेंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग व प्राणायाम करने, जंक फूड से दूर रहने और मोबाइल का कम प्रयोग करने की प्रेरणा दी। डॉ. अमर सिंह कंवर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर आयोजित इस प्रयास की प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।





