Top 5 This Week

Related Posts

650 करोड़ के फर्जी आईटीसी घोटाले पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली-हरियाणा समेत कई राज्यों में छापेमारी

नई दिल्ली। 650 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों में की गई इस कार्रवाई में ईडी ने उन व्यक्तियों और फर्मों के ठिकानों पर दबिश दी, जिन पर फर्जी कंपनियों के जरिए टैक्स क्रेडिट का खेल करने का आरोप है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज मामले से जुड़ी है। आरोप है कि फर्जी कंपनियों और कागजों पर आधारित कारोबार दिखाकर 650 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी आईटीसी लिया गया। इस रकम का इस्तेमाल न केवल टैक्स चोरी में बल्कि अवैध वित्तीय लेनदेन और हवाला चैनलों में भी किए जाने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में डिजिटल डाटा, संदिग्ध दस्तावेज, मोबाइल फोन और कंप्यूटर जब्त किए गए हैं। कई बोगस फर्मों के बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है। कुछ अहम कारोबारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से पूछताछ जारी है।

ईडी को शक है कि इस घोटाले में फर्जी बिलिंग, हवाला नेटवर्क और शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि जिन कंपनियों के नाम पर आईटीसी क्लेम किया गया, उनमें से अधिकांश का कोई वास्तविक कारोबार नहीं था।

गौरतलब है कि बीते कुछ सालों से जीएसटी व्यवस्था में फर्जी आईटीसी घोटाले लगातार सामने आ रहे हैं। टैक्स चोरी के ऐसे मामलों से सरकार को बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान हो रहा है। ईडी और जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) मिलकर ऐसे मामलों की जांच कर रहे हैं।

Popular Articles