देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य निर्वाचन आयोग समीक्षा अधिकारी भर्ती की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत ने बताया कि परीक्षा 25 और 26 सितंबर को आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार, 25 सितंबर को सुबह 9 से 12 बजे तक सामान्य अध्ययन और दोपहर 2 से 5 बजे तक हिंदी संरचना की परीक्षा होगी। इसके बाद 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निबंध की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। 25 सितंबर को सुबह 7:30 बजे और 26 सितंबर को सुबह 8:30 बजे तक सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्य परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी इन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र भी परीक्षा केंद्र पर साथ लेकर आएं।
गौरतलब है कि समीक्षा अधिकारी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। मुख्य परीक्षा के आधार पर आगे चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।





