नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के अपने फैसले को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। अपनी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में उन्होंने बताया है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने को लेकर उनके मन में काफी उथल-पुथल थी। एक तरफ पार्टी और सहयोगी दलों का दबाव था, तो दूसरी तरफ उनके बच्चे राहुल और प्रियंका गांधी इस पद को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे।
राहुल और प्रियंका को थी सुरक्षा की चिंता
सोनिया गांधी के मुताबिक, चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों से इस विषय पर चर्चा की थी। जब उनसे पूछा गया कि चुनाव जीतने पर क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी, तो उन्होंने साफ कहा था कि वह ऐसा बिल्कुल नहीं करेंगी। राहुल और प्रियंका को अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या की घटनाएं याद थीं। उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री पद संभालने से परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ सकता है।
गठबंधन नेताओं के दबाव का भी किया जिक्र
सोनिया गांधी ने संस्मरण में लिखा है कि चुनाव परिणाम आने के बाद गठबंधन के कई नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने उनके आवास पहुंचे थे। नेताओं ने काफी देर तक उनसे पद स्वीकार करने का आग्रह किया। उनके मुताबिक, उस दौरान नेताओं ने उन पर इतना दबाव बनाया कि वह कुछ समय के लिए सहमत होती नजर आईं।
इस घटनाक्रम को देखकर प्रियंका भावुक हो गईं और उन्होंने राहुल को इसकी जानकारी दी। दोनों ने मां से अपने पुराने फैसले पर कायम रहने की अपील की।
मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का लिया फैसला
सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्हें आशंका थी कि उनके विदेशी मूल को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा किया जाएगा, जिससे देश में तनाव बढ़ सकता है। काफी विचार करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया।
इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में उन्होंने अपने फैसले की घोषणा की और डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्ता और पद कभी उनका लक्ष्य नहीं रहे, बल्कि देश के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रही है।
सोनिया गांधी का यह संस्मरण 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित हो रहा है। इसमें उन्होंने अपने निजी जीवन, परिवार, राजनीतिक सफर और जीवन के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को भी साझा किया है।





