लमजाला में दर्दनाक हादसा, दुर्गम खाई में उतरी पुलिस-एसडीआरएफ; ग्रामीणों ने भी जान जोखिम में डालकर बचाव में निभाई अहम भूमिका
हल्द्वानी। पहाड़ी रास्ते पर दौड़ रही थार अचानक करीब १५० मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर से हड़कंप मच गया। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते ने बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया, लेकिन पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभाल लिया। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे एक युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसा काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र की ग्रामसभा लमजाला में हुआ। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे, एसडीआरएफ और हल्द्वानी अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद दुर्गम खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया गया।
खाई से निकाले गए लोगों की पहचान २९ वर्षीय नीरज सिंह रजवार पुत्र गोविंद सिंह रजवार, निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और २९ वर्षीय रिचा शाह पुत्री संतोष शाह, निवासी आवास विकास, हल्द्वानी के रूप में हुई। दोनों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
रेस्क्यू अभियान में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दल का सहयोग किया। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल: प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडे, मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम। बचाव अभियान में सचिन शाह, रमेश चंद्र, रोहित बिष्ट, अमन जंतवाल, सोनू जंतवाल, विजय जंतवाल, अक्षय जंतवाल, यशपाल आर्य, बॉबी आर्य, पीयूष जंतवाल और प्रियांशु बिष्ट ने भी सहयोग किया।





