खस्ताहाल सड़कों पर भड़का गुस्सा, पीडब्लूडी दफ्तर घेरा; 10 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो तालाबंदी की चेतावनी
हल्द्वानी। सड़कों पर गड्ढे, हादसों का खतरा और सरकारी दावों की जमीनी हकीकत! मुख्यमंत्री की 15 अक्टूबर तक सड़कें दुरुस्त करने की समयसीमा बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं होने पर पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में भीम आर्मी पदाधिकारियों ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अधिशासी अभियंता का घेराव किया। चेतावनी दी कि 10 दिन में निर्माण शुरू नहीं हुआ तो कार्यालय में तालाबंदी होगी और हादसा होने पर विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पार्षद रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि मछली बाजार, बनभूलपुरा, इंद्रानगर, राजपुरा, दमुवाढूंगा, बरेली रोड और रामपुर रोड समेत कई इलाकों की सड़कें बदहाल हैं। गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से काम शुरू नहीं किया गया।
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष नफीस अहमद खान ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द निर्माण शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो ठेकेदार और विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
एक नवंबर से पहले काम शुरू करने का आश्वासन
घेराव के बाद अधिशासी अभियंता ने एक नवंबर से पहले सभी संबंधित सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव सिराज अहमद, सखावत हुसैन, आफताब आलम, नवीन मूलनिवासी, अनवर अंसारी, सोनू कटयार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





