देहरादून। उत्तराखंड के प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का लाभ राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके माध्यम से यूपीएससी, राज्य पीसीएस, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, NET, GATE, CSIR-JRF और CAT-MAT जैसी प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
पहले चरण में यूपीएससी और राज्य पीसीएस के लिए 2 हजार, एसएससी, रेलवे और बैंकिंग जैसी परीक्षाओं के लिए 5 हजार, डिफेंस सेवाओं के लिए 2 हजार, NET, GATE, CSIR-JRF के लिए 1 हजार और CAT-MAT जैसी प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं के लिए 1 हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छात्रों को लाइव ऑनलाइन कक्षाओं के साथ रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल अध्ययन सामग्री, विषयवार प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट और मॉक टेस्ट की सुविधा भी मिलेगी। इससे विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई दोहरा सकेंगे और नियमित अभ्यास के जरिए अपनी तैयारी का आकलन कर सकेंगे।
योजना के लिए विद्यार्थियों का चयन खुली ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में मेधावी और परीक्षा की गंभीरता से तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कोचिंग के लिए Study IQ, Mahendra Private Limited और Doon Dreamers जैसे संस्थानों को जोड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के बीच बाधा नहीं बननी चाहिए। डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर सरकार दूरदराज और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर देने का प्रयास कर रही है।





