Wednesday, July 16, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

हरेला पर्व पर सीएम धामी ने किया पौधरोपण, ‘धरती मां का ऋण चुकाओ’ थीम पर हुआ राज्यव्यापी आयोजन

उत्तराखंड में बुधवार को लोकपर्व हरेला के अवसर पर राज्यभर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और इसे उत्तराखंड की प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण चेतना से जुड़ा पर्व बताया।
कार्यक्रम की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ” रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष हरेला पर्व पर राज्यभर में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50 प्रतिशत फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनसहभागिता, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, पंचायतें और छात्र-छात्राएं अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पेड़ सिर्फ लगाएं नहीं, उन्हें वृक्ष बनने तक संभालें

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से यह आग्रह किया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए, ताकि वे स्वस्थ वृक्ष बन सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
सांस्कृतिक परंपरा और पर्यावरणीय चेतना का संगम

इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्रावण मास में हरेला पूजन और पौधरोपण की परंपरा सदियों से चली आ रही है। यह पर्व न केवल हमारी सांस्कृतिक चेतना को दर्शाता है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि इस वर्ष हरेला पर्व 2,389 स्थानों पर मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में लगाए गए पौधों की सर्वाइवल दर 80 प्रतिशत से अधिक रही है। जल स्तर में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए उन्होंने जलधाराओं के संरक्षण और वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताया।
हरेला पर्व उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और प्रकृति प्रेम का जीवंत प्रतीक बनता जा रहा है—जिसमें सरकार, समाज और नागरिक एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं।

Popular Articles