Tuesday, February 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

हरिद्वार में सीआईएससीई कबड्डी बॉयज चैंपियनशिप का आगाज, देशभर से 35 टीमें कर रहीं मुकाबला

हरिद्वार। स्वामी हरिहरानंद पब्लिक स्कूल, हरिद्वार में शुक्रवार से सीआईएससीई कबड्डी बॉयज चैंपियनशिप का शुभारंभ हो गया। तीन से छह अक्तूबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से कुल 35 टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने किया।
इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में हर सप्ताह एक या दो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के बाद उत्तराखंड की पहचान खेल भूमि के रूप में बनी है। उन्होंने कहा कि राज्य राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का हब बनता जा रहा है और यहां की खेल संस्कृति मजबूत हो रही है। इससे भविष्य में प्रदेश से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकलकर देश का नाम रोशन करेंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न जॉब देने और सरकारी नौकरियों में आरक्षण जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इन प्रावधानों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।
चैंपियनशिप के दौरान स्कूल प्रबंधन ने प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया। विभिन्न राज्यों से आई टीमें पहले दिन से ही दमखम दिखाने में जुट गईं। खिलाड़ियों ने कहा कि उत्तराखंड में खेल आयोजन का अनुभव शानदार है और यहां की मेजबानी से उन्हें उत्साह मिल रहा है।
छह अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। विजेता टीमों को पुरस्कृत करने के लिए समापन समारोह में विशेष आयोजन किए जाएंगे।

Popular Articles