लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार आज कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस चुनाव नतीजों की समीक्षा की गई, साथ ही भविष्य की रणनीति पर भी मंथन हुआ। बैठक करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के कई अन्य शीर्ष नेता शामिल हुए। बैठक में खरगे ने इस बात पर जोर दिया कि सत्ता में हो या नहीं, हमें निरंतर काम करते रहना है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस कार्यसमिति देशभर में फैले कांग्रेस पार्टी के नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती है, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अथक परिश्रम किया। मैं आपकी दृढ़ इच्छा शक्ति, संकल्प और परिश्रम के लिए बधाई देता हूं।’ उन्होंने आगे कहा कि जनता ने हम पर विश्वास जताकर तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताकतों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने भाजपा के 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है। इसके अलावा कांग्रेस नेता ने कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। कहा कि18वीं लोकसभा का सदस्य बनने पर सभी को शुभकामनाए। आप लोगों ने विपरीत परस्तिथियों में चुनाव लड़कर जीत हासिल की। खरगे ने सोनिया गांधी का भी आभार जताया। कहा, ‘इस अवसर पर मैं सोनिया गांधी जी को भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की बैठकों में बढ़चढ़कर भाग लिया और अपने लंबे अनुभव के आधार पर हम सब का मार्गदर्शन किया। मैं लोगों के चहेते राहुल गांधी को भी बधाई दूंगा, जिन्होंने संविधान, आर्थिक गैर बराबरी, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय और सौहार्द्र जैसे मसलों को जन-जन का मुद्दा बना दिया।’





