शिवभक्तों की आस्था का प्रतीक सावन मास का पहला सोमवार आज मैदानी क्षेत्रों में मनाया जा रहा है। शिवमयी वातावरण के बीच देहरादून के प्रमुख मंदिरों—श्री टपकेश्वर महादेव, जंगम शिवालय, पृथ्वीनाथ महादेव सहित शहर के अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।
प्रशासन और मंदिर समितियों द्वारा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। टपकेश्वर मंदिर में 150 सेवादार और 40 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक की सुविधा दी जाएगी।
सुबह 4:30 बजे खुलेंगे कपाट
श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह चार बजे भगवान का चंदन, गंगाजल, दूध व पुष्प से अभिषेक किया जाएगा। साढ़े चार बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। महंत श्री 108 कृष्णागिरी महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।
श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में मिलेगा गंगाजल
सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सावन महोत्सव के अंतर्गत आज सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी संजय गर्ग ने बताया कि हरिद्वार से लाया गया गंगाजल श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। शाम को भगवान का विशेष पुष्प शृंगार किया जाएगा।
सावन की तिथियां:
• मैदानी क्षेत्रों में: सावन शुरू: 11 जुलाई, समाप्ति: 9 अगस्त
o सोमवार: 15 जुलाई, 22 जुलाई, 29 जुलाई, 5 अगस्त
• पर्वतीय क्षेत्रों में: सावन शुरू: 16 जुलाई, समाप्ति: 14 अगस्त
o सोमवार: 22 जुलाई, 29 जुलाई, 5 अगस्त, 12 अगस्त
9 अगस्त को सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन एक साथ मनाया जाएगा।