सऊदी अरब के ताइफ शहर में एक मनोरंजन पार्क में बड़ा हादसा हो गया, जहां एक 360 डिग्री घूमने वाला झूला अचानक टूट गया, जिससे 23 लोग घायल हो गए। यह हादसा 31 जुलाई को हुआ।
मौज-मस्ती के बीच मच गया हड़कंप
घटना के वक्त लोग झूले का आनंद ले रहे थे, तभी झूले का मध्य भाग टूटकर दोनों ओर से गिर पड़ा, जिससे झूले पर सवार लोग अचानक ज़मीन पर गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।
वीडियो ने बढ़ाया डर
इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि झूला तेज़ी से घूम रहा होता है और फिर अचानक टूटकर नीचे गिर जाता है। झूले पर सवार लोग चिल्लाते और गिरते हुए दिखाई देते हैं।
जांच और राहत कार्य शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूले का खंभा तेज़ गति से पीछे की ओर मुड़ा और आसपास खड़े लोगों से टकरा गया। कुछ लोग झूला टूटते समय अभी भी सीटों पर सवार थे।
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





