Sunday, February 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

संसदीय समिति का सीक्रेट सर्विस चीफ को समन

पेंसिल्वेनिया में एक रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमले के मामले में अमेरिकी संसदीय कमेटी ने बड़ा कदम उठाया है। कमेटी ने सीक्रेट सर्विस डायरेक्टर किम्बर्ली चीटल को एक सम्मन जारी किया है। इस समन में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश को लेकर सोमवार को होने वाली  पहली सुनवाई में पेश होने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि शनिवार को हुए हमले में ट्रंप बाल-बाल बच गए थे, लेकिन इसने अमेरिकी राजनीति में भूचाल ला दिया। पूरे देश में ट्रंप को लेकर सहानुभूति की लहर चल पड़ी है। अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट एंड एकाउंटेबिलिटी कमेटी के रिपब्लिकन चेयरमैन ने बुधवार को यह समन जारी किया। संसदीय समिति के प्रतिनिधि और प्रवक्ता जेम्स कॉमर ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भले ही सीक्रेट सर्विस उनकी उपस्थिति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि होमलैंड सुरक्षा अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया है और समिति के साथ कोई अपडेट या जानकारी साझा नहीं की गई है। समिति के साथ पारदर्शिता की कमी और सहयोग करने में विफलता के कारण सीक्रेट सर्विस का नेतृत्व करने की चीटल की क्षमता पर सवाल खड़े हुए हैं। इसी के चलते उन्हें समन जारी करने की जरूरत महसूस की गई।  इस बीच, अमेरिका के मिल्वौकी में चल रहे रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन सेंटर के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को ढेर कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने गोलियों का निशाना बनाया, वह चाकू लेकर झगड़ा कर रहा था। जिस पर पांच पुलिसकर्मियों ने उसे गोली मार दी। गौरतलब है कि मिल्वौकी में चल रहे रिपब्लिकन पार्टी के नेशनल कन्वेंशन में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद हैं। ट्रंप पर हाल ही में जानलेवा हमला हुआ था, जिसके बाद रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस कन्वेंशन में ही पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर आधिकारिक मुहर लगी। साथ ही इस कन्वेंशन में उपराष्ट्रपति पद के लिए पार्टी की तरफ से जेडी वैंस के नाम पर भी सहमति बनी।

Popular Articles