मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में लागू किए जा रहे श्रम सुधार कार्यबल के सशक्तिकरण और आर्थिक विकास की दिशा में नए युग की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा कि ये सुधार केवल प्रबंधन की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, बेहतर कार्य वातावरण, न्यायसंगत वेतन और रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने पर केंद्रित हैं।
सीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उद्योगों में पारदर्शिता व सुशासन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रमिकों के लिए अनुकूल नीतियों पर लगातार काम कर रही है। श्रम सुधारों की नई व्यवस्था से उत्तराखंड में निवेश बढ़ेगा, नए उद्योग विकसित होंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
धामी ने विश्वास जताया कि आधुनिक व लचीले श्रम कानूनों से उद्योगों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा और इससे उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और मजबूत व आत्मनिर्भर बनेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विज़न को साकार करने में राज्य की बड़ी भूमिका सुनिश्चित करेगी।





