Tuesday, February 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

शिकायत के बाद भी छात्रा को नहीं मिली डिग्री, सीएम धामी नाराज; जांच व कार्रवाई के आदेश

देहरादून। उत्तराखंड में सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। टिहरी के श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से जुड़ा एक मामला जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आया तो उन्होंने गंभीर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, विश्वविद्यालय की छात्रा साक्षी ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि विवि द्वारा उसे डिग्री उपलब्ध नहीं कराई गई। शिकायत दर्ज होने के बावजूद मामले का निस्तारण नहीं हुआ। शुक्रवार को सीएम धामी ने हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की, जिसमें यह मामला सामने आया। मुख्यमंत्री ने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, छात्रा को एक सप्ताह के भीतर डिग्री उपलब्ध कराने का आदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भविष्य में किसी भी छात्र-छात्रा को ऐसी परेशानी न हो, इसके लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क बनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवा के अधिकार के तहत मिलने वाली सेवाओं की सूची सभी कार्यालयों में डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज की जाए ताकि जनता को स्पष्ट जानकारी मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन पर दर्ज बिजली, पानी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर यह सूचना चस्पा करें कि वे किस दिन शिकायतों के समाधान हेतु उपलब्ध रहेंगे।
समीक्षा बैठक के दौरान आईटीडीए के निदेशक गौरव कुमार ने हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और विभागों द्वारा उनके समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि सबसे अधिक शिकायतें पेयजल, गृह विभाग और ऊर्जा से संबंधित मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को साप्ताहिक, सचिवगणों को माह में दो बार और मुख्य सचिव को प्रत्येक माह हेल्पलाइन की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि तीन माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर शीघ्र निस्तारित किया जाए।
सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को नियमित जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का सीधा समाधान हो सके। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त लाइनों और सुरक्षा दीवारों की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता पर कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह की पांच तारीख तक सभी विभाग हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

Popular Articles