विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक इंटरव्यू में जी-20, रूस-युक्रेन युद्ध के बीच अपने लोगों को देश वापस लाने और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि कैसे पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध को एक नहीं बल्कि दो-दो बार रुकवाया। विदेश मंत्री ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह पहली बार था जब किसी देश ने यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध को एक नहीं बल्कि दो बार रोकने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को देश वापस लाने के लिए पूरा जोर लगा दिया था। उन्होंने कहा, ‘हां यूक्रेन युद्ध रुकवा दिया, अगर आप मुझसे युद्ध रोकने के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब हां होगा। मैं इसका गवाह हूं। मैं आपको तारीख बता सकता हूं। मैं आपको समय दे सकता हूं। मैं आपको बता सकता हूं कैसे और किसके लिए युद्ध रोका गया।’ उन्होंने आगे खुलासा किया, ‘हमने एक नहीं दो बार ऐसा काम करके दिखाया है। सबसे पहली बार खार्किव में पांच मार्च को युद्ध रोका गया था, जब जब हमारे छात्र यूक्रेन में निकटतम सुरक्षित जगह की ओर जा रहे थे और भारी गोलीबारी हो रही थी। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया और उनसे हमारे छात्रों के लिए रास्ता बनाने के लिए गोलाबारी को रोकने के लिए कहा। प्रधानमंत्री के अनुरोध पर रूसी सेना ने गोलाबारी रोक दी और हमारे लोग सुरक्षित वतन लौट सके।