Top 5 This Week

Related Posts

लैंबोर्गिनी में सफर के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ड्रीमडॉल ब्री की गोली मारकर हत्या

वॉशिंगटन। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में 21 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ड्रीमडॉल ब्री (ब्रायना जॉनसन) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मिरामार शहर में उस समय हुई, जब वह लाइम ग्रीन रंग की लैंबोर्गिनी एसयूवी में दो अन्य लोगों के साथ सफर कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, एक सफेद रंग की कार उनके वाहन के बराबर आई और हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं।

गोलीबारी के बाद लैंबोर्गिनी अनियंत्रित होकर एक मकान से जा टकराई। तीनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ब्रायना जॉनसन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, वाहन में सवार दो अन्य लोगों का उपचार जारी है।

मिरामार पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हमला सुनियोजित (टारगेटेड) प्रतीत होता है। घटना से पहले पीड़ितों के एक पार्टी में शामिल होने और बाद में एक पेट्रोल पंप पर विवाद होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध वाहन की तलाश में जुटी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

ड्रीमडॉल ब्री, जिनका वास्तविक नाम ब्रायना जॉनसन था, टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अपनी लाइफस्टाइल और म्यूजिक कंटेंट के लिए काफी लोकप्रिय थीं। उनके सोशल मीडिया पर चार लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और अन्य इन्फ्लुएंसर्स ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Popular Articles