लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 48 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में 695 प्रत्याशी मैदान में हैं। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कुल 695 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। मतदान में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिलाएं और 5409 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। सोमवार को केंद्रीय मंत्री, विपक्षी नेता समेत कई बड़े चेहरों ने मतदान किया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में वोट डाला। वह अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। सीएम शिंदे ने कहा कि वोट देने का अधिकार एक बहुत ही मूल्यवान अधिकार है। उन्होंने कहा, “आपका एक वोट देश का विकास करेगा और देश को महाशक्ति बनने में मदद करेगा।“





