नई दिल्ली।
त्योहारी सीजन से पहले केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 10.91 लाख से अधिक अराजपत्रित रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन के उत्पादकता से जुड़े बोनस (PLB) देने का फैसला लिया गया। इसके लिए 1,865.68 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है।
दुर्गा पूजा से पहले मिलेगा बोनस
परंपरा के अनुसार पात्र रेलवे कर्मचारियों को हर साल दुर्गा पूजा/दशहरा से पहले बोनस का भुगतान किया जाता है। इस बार भी बोनस की अधिकतम सीमा 17,951 रुपये प्रति कर्मचारी तय की गई है। यह भुगतान रेलवे कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन और दक्षता बढ़ाने के लिए एक प्रोत्साहन के रूप में दिया जाता है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
यह बोनस रेलवे के विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों को मिलेगा, जिनमें शामिल हैं—
• ट्रैक मेंटेनर
• लोको पायलट
• ट्रेन मैनेजर (गार्ड)
• स्टेशन मास्टर
• पर्यवेक्षक
• तकनीशियन व तकनीशियन हेल्पर
• पॉइंट्समैन
• मंत्रालयिक कर्मचारी
• अन्य ग्रुप ‘सी’ श्रेणी के कर्मचारी
कैबिनेट के अन्य बड़े फैसले
कैबिनेट ने बुधवार को कुल 94,916 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी। इसमें प्रमुख हैं—
• बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन के लिए 2,192 करोड़ रुपये
• बेतिया से साहेबगंज फोरलेन रोड के लिए 3,822 करोड़ रुपये
• शिपबिल्डिंग और मेरीटाइम डेवलपमेंट के लिए 69,725 करोड़ रुपये
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से न केवल रेलवे और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।





