कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी की विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। थरूर ने रविवार को बिधूड़ी के बयान को तुच्छ बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।कांग्रेस सांसद ने बिधूड़ी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें आपस में सम्मान से पेश आना चाहिए, चाहे हम किसी से सहमत हों या नहीं। उन्होंने कहा कि राजनीति में एक-दूसरे का अनादर नहीं होना चाहिए। हम भाजपा के लोगों के बारे में ऐसी बातें नहीं कहते, तो उन्हें भी हमारे बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए।बता दें कि रमेश बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी के बारे में विवादित टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसा बना देंगे। बिधूड़ी के इस टिप्पणी पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई।भाजपा नेता के इस बयान पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने बिधूड़ी की टिप्पणी को शर्मनाक करार देते हुए भाजपा पर महिला विरोधी मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बयान महिलाओं के प्रति घृणा को दर्शाता है।