Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रक्षा मंत्रालय और HAL के बीच बड़ी डील, वायुसेना को मिलेंगे 97 ‘तेजस’ लड़ाकू विमान

नई दिल्ली : देश की रक्षा क्षमताओं को मजबूती देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्रालय ने हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ स्वदेशी ‘तेजस’ लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस डील के तहत भारतीय वायुसेना को कुल 97 तेजस विमान मिलने जा रहे हैं।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस सौदे से वायुसेना की ताकत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी नई गति मिलेगी। आधुनिक तकनीक से लैस तेजस चौथी पीढ़ी का हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे पूरी तरह से भारत में विकसित और निर्मित किया गया है। यह न केवल हवाई सुरक्षा को मजबूत करेगा बल्कि देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक अहम उपलब्धि साबित होगा।
तेजस विमानों से वायुसेना की परिचालन क्षमता कई गुना बढ़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सौदे से वायुसेना की कम होती स्क्वाड्रन संख्या में सुधार होगा और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी बढ़ेगी।
सूत्रों के मुताबिक, इन विमानों में अत्याधुनिक एवियोनिक्स, उन्नत हथियार प्रणाली और आधुनिक रडार तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही यह विमान हवा से हवा और हवा से जमीन पर मार करने वाले हथियार ले जाने में सक्षम है।
डील को लेकर HAL के अधिकारियों ने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा आर्डर है, जो भारतीय रक्षा उद्योग की क्षमता और विश्वसनीयता को दर्शाता है। वहीं, रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आने वाले वर्षों में इन विमानों की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
सरकार का दावा है कि इस सौदे से देश में रक्षा उत्पादन क्षेत्र को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

Popular Articles