Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

यूक्रेन की मदद को अमेरिका ने बढ़ाए हाथ

रूस के साथ युद्ध का सामना कर रहे यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका ने हाथ बढ़ाए हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन की सहायता के लिए 42.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता का एलान किया है। इसमें अमेरिका यूक्रेन को सुरक्षा सहायता के तहत हथियार देगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से हुई बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बचे कार्यकाल में यूक्रेन में सुरक्षा सहायता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। व्हाइट हाउस के मुताबिक राष्ट्रपति जो बाइडन नवंबर में यूक्रेन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। बताया गया कि यूक्रेन को दी गई 42.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता में वायु रक्षा, हवा से जमीन पर मार करने वाले हथियार, बख्तरबंद वाहन और कई अहम हथियार शामिल हैं। इसके अलावा अमेरिका जल्द ही यूक्रेन को कई वायु रक्षा मिसाइल, तोप, बख्तरबंद वाहन मुहैया कराएगा। बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने भी रूस को लेकर अपनी योजना के बारे में राष्ट्रपति जो बाइडन को जानकारी दी। दोनों देशों के नेताओं ने अपने अधीनस्थों को आगे की योजनाओं पर विचार-विमर्श करने के लिए कहा।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट किया कि मैनें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से बात की। साथ ही पैकेज की घोषणा के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं रक्षा पैकेज की घोषणा पर राष्ट्रपति बाइडन और अमेरिका के लोगों का आभार जताता हूं। बता दें कि रिपब्लिकन पार्टी के लगातार विरोध के बावजूद अमेरिका ने यूक्रेन की मदद की है।

पिछले दिनों अमेरिका ने यूक्रेन को 175 बिलियन अमेरिकी डॉलर की सैन्य और आर्थिक सहायता दी थी। राष्ट्रपति बाइडन की जर्मनी यात्रा से पहले की गई इस सहायता की चर्चा विश्वभर में होगी। वहीं जर्मनी में भी यूक्रेन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। बताया जा रहा है कि जर्मनी में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ ही फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रो और यूके के पीएम कीर स्टार्मर से भी मिल सकते हैं।

Popular Articles