Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

यूकेएसएसएससी परीक्षा पेपर लीक मामला: पुलिस ने आयोग से मांगी जानकारी, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा प्रश्नपत्र बाहर आने के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। विशेष जांच दल (SIT) ने आयोग को पत्र भेजकर विस्तृत जानकारी मांगी है। साथ ही मुख्य आरोपी खालिद से पूछताछ और उसके मोबाइल की तकनीकी जांच पर भी जोर दिया जा रहा है।

आयोग से मांगे दस्तावेज

SIT ने आयोग से कहा है कि खालिद ने जिन चार परीक्षा केंद्रों के लिए आवेदन किया था, उन सभी फार्मों के साथ कौन-कौन से दस्तावेज दाखिल किए गए थे। प्रत्येक दस्तावेज की प्रति और पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच टीम का मानना है कि इन दस्तावेजों से खालिद की गतिविधियों और परीक्षा केंद्रों के चयन पर कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।

क्राइम सीन का रि-क्रिएशन

गुरुवार को SIT ने आरोपी खालिद से क्राइम सीन को दोबारा रि-क्रिएट करवाया। इस दौरान उसकी भूमिका और घटनाक्रम को दस्तावेजी साक्ष्य के तौर पर केस डायरी में दर्ज किया गया है।

फोरेंसिक रिपोर्ट और सीडीआर पर निगाह

पुलिस को खालिद से बरामद मोबाइल की फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। चौंकाने वाली बात यह है कि खालिद ने मोबाइल फोन को पहले ही रि-सेट कर दिया था, जिससे तकनीकी डाटा हासिल करना मुश्किल हो गया है। हालांकि पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) मंगवाई है। जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि CDR से उसकी बातचीत और नेटवर्क को लेकर पुख्ता जानकारी मिलेगी।

डंप डाटा से सुराग की तलाश

खालिद और उसकी बहन साबिया के अलावा क्या कोई और व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के आसपास मददगार था, यह जानने के लिए पुलिस डंप डाटा खंगाल रही है। मोबाइल लोकेशन और संपर्क सूत्रों से इस मामले में नए नाम जुड़ सकते हैं।

SIT अधिकारियों का कहना है कि आयोग से प्राप्त दस्तावेजों और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Popular Articles