Friday, October 18, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

मॉरिटानिया के राष्ट्रपति से मिलीं द्रौपदी मुर्मू

अफ्रीका के तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मॉरिटानिया में हैं। यहां उन्होंने मॉरिटानिया के राष्ट्रपति औलद गजौनी से मुलाकात की। साथ ही राजनयिक प्रशिक्षण और वीजा छूट समेत चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान दोनों नेताओं ने रिश्ते मजबूत करने पर चर्चा की। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नौआकचॉट के राष्ट्रपति महल में मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मोहम्मद औलद गज़ौनी से मुलाकात और बातचीत की। दोनों नेताओं ने रिश्ते को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इस दौरान राजनयिकों के प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वीजा छूट और विदेश कार्यालय परामर्श के क्षेत्रों में चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।इससे पहले बुधवार को राष्ट्रपति ने मॉरिटानिया में भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि हम वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हमारा प्रवासी परिवार इस प्रक्रिया में एक बहुत महत्वपूर्ण कारक है।’ इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने मेजबान देश का आभार व्यक्त किया और कहा कि मैं भारतीय समुदाय का हमेशा समर्थन करने के लिए मॉरिटानिया की सरकार और लोगों का आभार व्यक्त करती हूं।

उन्होंने कहा था कि भारत मानव संसाधन विकास, बुनियादी ढांचे, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और डिजिटल नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में मॉरिटानिया के विकास में योगदान दे सकता है। इससे पहले मॉरिटानिया की राजधानी नौआकचॉट के ओमटौन्सी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू का मॉरिटानिया के राष्ट्रपति गजौनी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिसको लेकर राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उनका औपचारिक स्वागत किया गया। अपनी अफ्रीका यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने अल्जीरिया में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए अल्जीरियाई समकक्ष अब्देलमदजीद तेब्बौने के साथ भी बातचीत की थी। मुर्मू अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मलावी की यात्रा करेंगी।

Popular Articles