नई दिल्ली। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने पार्टी के मुस्लिम नेताओं से समुदाय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय होने पर उसकी पहचान स्पष्ट रूप से सामने रखी जानी चाहिए और कांग्रेस को “मुस्लिम” शब्द इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि यदि किसी मुस्लिम के साथ अन्याय होता है तो उसे केवल “अल्पसंख्यक” कहकर नहीं, बल्कि “मुस्लिम” समुदाय के मुद्दे के रूप में उठाया जाना चाहिए। इसी तरह दलित, ओबीसी और अन्य वर्गों से जुड़े मामलों में भी स्पष्ट पहचान के साथ आवाज उठाने की जरूरत है।
बैठक में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस को ऐसा मंच तैयार करना चाहिए, जिससे मुस्लिम समुदाय की पार्टी संगठन में भागीदारी बढ़ सके। उन्होंने नेताओं से जमीनी स्तर पर समुदाय के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और “वोट चोरी” के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कुछ राज्यों में चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से नहीं कराए गए। साथ ही उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
कांग्रेस के भीतर लंबे समय से यह चर्चा रही है कि पार्टी मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों पर खुलकर नहीं बोल रही है। हाल के महीनों में कई नेताओं ने इस विषय पर चिंता भी जताई थी। राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब विपक्षी दल आगामी चुनावों की रणनीति बनाने में जुटे हैं





