Thursday, November 13, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू भारत के दौरे पर

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के तेवर भारत के प्रति अब नरम पड़ते दिख रहे हैं। भारत के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट को दूर करने के इरादे से राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू रविवार को दिल्ली पहुंचे। यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उनसे मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। इस बीच सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू का राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया। सोमवार को राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और मुंबई व बंगलूरू भी जाएंगे। वहीं प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद और अपने मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ मालदीव के राष्ट्रपति मंगलवार को आगरा का दौरा करेंगे।

सोशल मीडिया पर मुइज्जू के साथ तस्वीर साझा करते हुए जयशंकर ने लिखा, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से भारत की उनकी राजकीय यात्रा की शुरुआत में मुलाकात कर खुशी हुई। भारत-मालदीव संबंधों को बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। विश्वास है कि कल (सोमवार को) पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत हमारे मैत्रीपूर्ण संबंधों को एक नई गति देगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुइज्जू के आने की जानकारी देते हुए लिखा कि उनकी यात्रा लंबे समय से चली आ रही भारत-मालदीव व्यापक द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ावा देगी। भारतीय रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के विमान से पत्नी साजिद मोहम्मद के साथ पहुंचे मुइज्जू का नई दिल्ली हवाईअड्डे पर विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक निमंत्रण पर मुइज्जू 6-10 अक्तूबर तक भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा पर आए हैं। वैसे मालदीव के राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आए थे।

Popular Articles