हल्द्वानी। पारिवारिक विवादों और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन, में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। काउंसलिंग की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने की।
एसएसपी ने महिलाओं से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनकर विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रयास किया गया।
बैठक में डॉ. नंदिता अरेकल, डॉ. रश्मि पंत (मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर, महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी) तथा अधिवक्ता एवं पूर्व बार अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा उपस्थित रहे। वहीं, महिला समाधान केंद्र की प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर ने कुल नौ प्रकरण ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष प्रस्तुत किए।
काउंसलिंग के बाद चार मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए, जबकि दो मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से निस्तारण कराया गया। शेष तीन मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय को अग्रसारित किया गया।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें न्याय दिलाने और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए इस प्रकार की काउंसलिंग आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।




