मुंबई। मानसून की विदाई के बाद भी महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अरब सागर से उठ रहा चक्रवात ‘शक्ति’ 4 से 7 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र के कई जिलों को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते तटीय इलाकों और विदर्भ-मराठवाड़ा क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
तटीय जिलों में अलर्ट
आईएमडी ने मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग जैसे जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अक्टूबर को इन जिलों में 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में हवा की गति और भी बढ़ने का अनुमान है। इससे समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठेंगी और तटीय क्षेत्रों में जलभराव व बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
मछुआरों और पर्यटकों को चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों से समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही पर्यटकों को भी समुद्र तटों से दूर रहने और यात्रा टालने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने तटवर्ती गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सरकार ने बढ़ाई तैयारी
महाराष्ट्र सरकार ने संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी जिलों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैयार हैं। कोंकण तट पर विशेष चौकसी बरती जा रही है, जहां घने बादलों के साथ गरज-चमक और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
बाढ़ का खतरा
आईएमडी के अनुसार, भारी वर्षा से नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में तटीय इलाकों और निचले स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विशेष रूप से मुंबई और आसपास के जिलों में प्रशासन को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और आपात सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महाराष्ट्र में चक्रवात ‘शक्ति’ का अलर्ट, तटीय जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी





