नई दिल्ली : बिहार में मतदाता सूची से नाम कटने और ‘वोट चोरी’ के आरोपों के बीच विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहे हैं।
विपक्ष का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का आचरण निष्पक्ष नहीं रहा है और वह लगातार सत्तारूढ़ पार्टी का पक्ष लेते दिखाई देते हैं। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि, “मुख्य चुनाव आयुक्त बीजेपी के साथ कांग्रेस जैसा व्यवहार क्यों नहीं कर रहे हैं? प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा को कमजोर किया है।”
इसी क्रम में कांग्रेस सांसद वामसी गद्दाम ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “ज्ञानेश कुमार ऐसे बात कर रहे हैं जैसे वे चुनाव आयोग का नहीं, बल्कि बीजेपी का प्रतिनिधित्व कर रहे हों।”
संसद परिसर में प्रदर्शन
इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने सोमवार को संसद परिसर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में हेराफेरी की जा रही है और बड़ी संख्या में नाम काटे जा रहे हैं।
कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का संतोषजनक जवाब चुनाव आयोग नहीं दे पा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि आयोग मतदाताओं को यह भरोसा दिलाने में विफल रहा है कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष है।





