लोकसभा के चौथे चरण के चुनाव से पहले प्रचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को फिर बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। शाह इस दिन आसनसोल, रामपुरहाट व राणाघाट में तीन जगहों पर जनसभा को संबोधित करेंगे। उधर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए शुक्रवार को बंगाल के दौरे पर रहेंगे।
प्रदेश भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री इस दिन कृष्णानगर में रोड शो के अलावा बैरकपुर और हुगली लोकसभा क्षेत्र में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। नदिया जिले के कृष्णानगर में सरमा का दोपहर 12 बजे से पहले रोड शो है। वे कृष्णानगर सीट से तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी महुआ मोइत्रा के खिलाफ भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ रही राजमाता अमृता राय के लिए रोड शो करेंगे।
इसके बाद बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत अन्नपूर्णा काटन मिल मैदान में दोपहर 2.10 बजे से उनकी जनसभा है। इसके बाद हुगली के बालागढ़ में दोपहर 3.40 बजे से उनकी दूसरी जनसभा है। वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा माणिक साहा शुक्रवार को उत्तर कोलकाता से भाजपा प्रत्याशी तापस राय के नामांकन रैली में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4.30 बजे से कोलकाता में पांचकौड़ी रोड से धापा माठपुकुर तक उनका रोड शो है।