नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह की सतह पर एक ऐसे रहस्यमयी इलाके में खुदाई शुरू की है, जहां से अतीत में पानी की मौजूदगी के मजबूत सुराग मिले हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह खोज मंगल के जलवायु इतिहास को फिर से परिभाषित कर सकती है और यह संकेत दे सकती है कि वहां भूमिगत जल अनुमान से कहीं अधिक समय तक सक्रिय रहा। इसे मंगल में जीवन का संकेत भी माना जा सकता है। नासा का क्यूरियोसिटी मार्स रोवर वर्तमान में माउंट शार्प की तलहटी में स्थित बॉक्सवर्क नामक इलाके की जांच कर रहा है, जो मंगल की सतह पर 12 मील तक फैली हुई एक लंबी पर्वतमाला है। यह इलाका लंबे समय से ऑर्बिटल इमेजिंग (कक्षीय चित्रों) के जरिए देखा जा रहा था, लेकिन पहली बार रोवर वहां भौतिक रूप से पहुंचा है। यह क्षेत्र विशेष रूप से मैग्नीशियम सल्फेट जैसे नमकीन खनिजों से समृद्ध है जो आमतौर पर तब बनते हैं जब पानी सूखता है। इसका स्पष्ट संकेत है कि यह इलाका मंगल की सतह पर जलवायु के अत्यधिक शुष्क हो जाने के बाद बना।चट्टानों में छोटी सफेद नसें मिली हैं, जो कैल्शियम सल्फेट जैसे खनिजों से बनी हैं। ये नसें दर्शाती हैं कि पानी किसी समय चट्टानों की दरारों में बहता था।
नासा का कहना है कि इस खोज का महत्व बहुत बड़ा है। अगर पुष्टि होती है कि ऊंची परतों में भी देर तक भूमिगत जल सक्रिय था, तो मंगल पर रहने योग्य अवस्था और उसके जलवायु परिवर्तन की समयरेखा को नए सिरे से परिभाषित करना होगा।
रोवर अब चट्टानों की ड्रिलिंग कर नमूनों का विश्लेषण कर रहा है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इन नमूनों से उन्हें मंगल के जटिल जलविज्ञान और भूवैज्ञानिक इतिहास के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त होगी।