भारत सरकार ने हाल ही में ब्रिटेन के साथ हस्ताक्षरित व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के प्रभावी कार्यान्वयन और अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए देशव्यापी जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। अगले 20 दिनों में हितधारक बैठकों, कार्यशालाओं और आउटरीच कार्यक्रमों सहित 1000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, ये कार्यक्रम क्षेत्रवार तरीके से आयोजित किए जाएंगे, जिसमें केंद्र सरकार की टीमें विभिन्न राज्यों का दौरा कर स्थानीय उद्योगों और व्यापारिक संगठनों को समझौते के लाभों से अवगत कराएंगी।
एफटीए से मिलेगा बड़ा लाभ
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को चमड़ा और वस्त्र क्षेत्र के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। समझौते के लागू होते ही भारत से 99% निर्यात पर ब्रिटेन में शुल्क खत्म हो जाएगा, जिससे भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, कार, सौंदर्य प्रसाधन, व्हिस्की जैसे प्रमुख ब्रिटिश उत्पादों पर भारत में आयात शुल्क में कटौती की जाएगी।
बाजार खुला, व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य
एफटीए के तहत भारत ने चॉकलेट, बिस्कुट और सौंदर्य प्रसाधनों जैसी उपभोक्ता वस्तुओं के लिए भी अपना बाजार खोल दिया है। इसका उद्देश्य भारत और ब्रिटेन के बीच मौजूदा 56 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक दोगुना करना है।





