Tuesday, March 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

भारत के डिजिटल भविष्य पर केंद्रित पीएम मोदी की कूटनीतिक पहल

जोहानिसबर्ग में हो रही G20 लीडर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका की बहुराष्ट्रीय टेक कंपनी नैस्पर्स के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में भारत के बढ़ते डिजिटल इकोसिस्टम, उपभोक्ता तकनीक, स्पेस सेक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि यह मुलाकात भारतीय स्टार्टअप और नवाचार क्षेत्र को वैश्विक सहयोग से मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि नास्पर्स की भारत में बढ़ती उपस्थिति से यह स्पष्ट होता है कि देश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टार्टअप संस्कृति लगातार सुदृढ़ हो रही है।

G20 समिट के इतर पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, व्यापार, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत बातचीत की। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सामरिक तालमेल को मजबूत करने के मुद्दे पर भी सहमति बनी। इसके अलावा पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के टेक उद्यमियों और समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने फिनटेक, हेल्थटेक, एग्रीटेक और सोशल मीडिया क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए भारत के साथ व्यापारिक और ज्ञान साझेदारी को और बढ़ाने का आग्रह किया।

जोहानिसबर्ग पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय विरासत की समृद्ध झलक दिखाई। वाटरक्लूफ एयर फोर्स बेस पर पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि पहली बार G20 शिखर सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप में आयोजित हो रहा है, जबकि 2023 में भारत की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता प्रदान की गई थी, जिससे इस आयोजन को ऐतिहासिक महत्व मिला है।

Popular Articles