Wednesday, August 6, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

भाड़े के चीनी-पाकिस्तानी सैनिक लड़ा रहा रूस

चीन और पाकिस्तान का एक और चरित्र यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने उजागर किया है। उन्होंने कहा, चीन और पाकिस्तान के भाड़े के सैनिक रूसी सेना की तरफ से लड़ रहे हैं। इनके अलावा रूस को ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और अफ्रीकी देशों के भाड़े के सैनिकों का भी समर्थन मिल रहा। यूक्रेन ने कहा कि वह एक क्रूर युद्ध से जूझ रहा है जिसने अनगिनत लोगों की जान ले ली है और लाखों लोगों को विस्थापित किया है। इससे पहले, उत्तर कोरियाई सेना के रूस के समर्थन में सीधे संघर्ष में उतरने की खबरें पुष्ट हुई हैं। जेलेंस्की ने खारकीव में अग्रिम पंक्ति के सैनिकों के दौरे पर अपने योद्धाओं से मुलाकात के वक्त यह टिप्पणी की। वह बोले, इस क्षेत्र में हमारे योद्धा चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान व अफ्रीकी देशों के भाड़े के सैनिकों की भागीदारी की रिपोर्ट कर रहे हैं। इसका हम निश्चित ही करारा जवाब देंगे। हमने कमांडरों के साथ अग्रिम मोर्चे की स्थिति, वोवचांस्क की रक्षा पर बात की। इस साल की शुरुआत में भी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया था कि रूस ने उनके देश के खिलाफ युद्ध में 100 से अधिक चीनी नागरिकों को तैनात किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि दो चीनी लड़ाकों को दोनेस्क क्षेत्र में पकड़े गए हैं। जेलेंस्की ने इसके लिए एक वीडियो भी शेयर किया लेकिन चीन ने इन दावों को खारिज कर दिया। अब एक बार फिर कीव ने रूस पर चीनी लड़ाकों की भर्ती का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ये लड़ाके कुर्स्क क्षेत्र में भेजे गए हैं। आरोपों की पुष्टि ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और पाकिस्तान के दूतावासों ने नहीं की है।

Popular Articles