उत्तराखंड भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए महेंद्र भट्ट का दोबारा चुना जाना लगभग तय हो गया है। पार्टी की ओर से रविवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्य के चुनाव के लिए अधिसूचना और मतदाता सूची जारी की गई। दिलचस्प बात यह रही कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान केवल महेंद्र भट्ट ने ही अपना नामांकन दाखिल किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी खजान दास ने राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण के निर्देशानुसार अधिसूचना जारी की।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 125 मतदाता मतदान के लिए अधिकृत हैं। रविवार दोपहर 12 बजे तक नामांकन जमा किए जा सकते थे, जिसके बाद 12 से 2 बजे तक उनकी जांच और 3 से 4 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया निर्धारित थी। लेकिन केवल एक ही नामांकन होने से चुनाव औपचारिकता रह गई है। अब एक जुलाई को औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
पार्टी संविधान के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष वही कार्यकर्ता बन सकता है जो कम से कम 10 वर्षों से प्राथमिक सदस्य और 3 वर्षों तक सक्रिय सदस्य रहा हो। नामांकन के लिए ऐसे उम्मीदवार का प्रस्ताव कम से कम एक तिहाई जिलों के 10 निर्वाचक सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव भी पार्टी संविधान की उपधारा (2) के तहत प्रदेश परिषद द्वारा किया जाएगा।