ब्रिटेन में भी जगन्नाथ रथ यात्रा की धूम रही। यूनाइडेट किंगडम (यूके) के स्लॉ में भगवान जगन्नाथ के जयकारे गूंजे। जगन्नाथ सोसाइटी यूके द्वारा आयोजित रथ यात्रा में एक हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। रथ यात्रा में भारतीय उच्चायोग में भारत के उप उच्चायुक्त सुजीत घोष ने छेरा पहारना की रस्म निभाई। यूके में भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर लिखा कि उप उच्चायुक्त (डीएचसी) सुजीत जॉय घोष ने स्लॉ में जगन्नाथ सोसाइटी यूके द्वारा आयोजित भव्य रथ यात्रा में भाग लिया। उन्होंने पवित्र छेरा पहारना अनुष्ठान किया। एक हजार से अधिक भक्त समारोह में शामिल हुए। छेरा पहारना रथ यात्रा के सबसे महत्वपूर्ण रीति-रिवाजों में से एक है। इस अनुष्ठान में देवताओं के सामने रथ को साफ किया जाता है। जो भगवान के सामने विनम्रता और समानता का प्रतीक है।
ओडिशा के पुरी में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही है। यह भव्य यात्रा पुरी के जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर गुंडिचा मंदिर तक जाती है। जगन्नाथ रथ यात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ा है। यह यात्रा 27 जून को शुरू हुई और आठ जुलाई को भगवान जगन्नाथ के जगन्नाथ मंदिर में वापस लौटने के साथ समाप्त होगी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं थीं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के पवित्र अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही कामना है। जय जगन्नाथ!