Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

फडणवीस ही होंगे महायुति के नेता

महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ही नेतृत्व में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी की महायुति विधानसभा चुनाव लड़ेगी। यही नहीं, तीनों दलों के बीच सहयोगियों के साथ मिलकर सीट बंटवारे का फैसला भी फडणवीस ही करेंगे। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अक्तूबर में संभावित विधानसभा चुनाव की तैयारियां करने और देरी से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आशिष शेलार ने कहा कि मुंबई प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी ने सीट बंटवारे और विधानसभा सीटों के चयन से संबंधित सभी फैसले लेने का अधिकार उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपने का फैसला किया है। शेलार ने बताया कि मुंबई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और पार्टी के महासचिव विनोद तावडे की उपस्थिति में हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के साथ विधानसभा के चुनाव की रणनीति और सीट बंटवारा समझौते के अलावा जीत के फार्मूले को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। शेलार ने कहा कि उप मुख्यमंत्री फडणवीस को इस संबंध में सारे अधिकार सौंप दिए गए हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम तय करने, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों के बीच चर्चा करने और रणनीति तय करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे हम समय पर विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर सकते हैं और उचित समय पर उम्मीदवारों की सूची भी जारी की जा सकेगी।

Popular Articles