Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

प्रधानमंत्री मोदी सितंबर में जाएंगे अमेरिका, यूएनजीए में देंगे भाषण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं, जहां वे न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र के उच्च-स्तरीय आम बहस को संबोधित करेंगे। संयुक्त राष्ट्र की प्रारंभिक वक्ताओं की सूची के अनुसार पीएम मोदी 26 सितंबर की सुबह भाषण देंगे। उसी दिन इस्राइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के नेता भी संबोधन करेंगे।

यूएनजीए का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा, जबकि उच्च-स्तरीय बहस 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। परंपरा के अनुसार सत्र का पहला भाषण ब्राजील के नेता देंगे, इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को मंच से संबोधित करेंगे। यह उनके दूसरे कार्यकाल में यूएनजीए का पहला भाषण होगा।

टैरिफ विवाद पर वार्ता की संभावना
पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान अमेरिका के साथ व्यापार और टैरिफ विवाद भी अहम एजेंडा रहेगा। फरवरी 2025 में हुई उनकी वॉशिंगटन यात्रा में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर बातचीत का ऐलान हुआ था। लेकिन वार्ता के बीच ही अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है, जो 27 अगस्त से लागू होगा।

सूत्रों के अनुसार, न्यूयॉर्क में यूएनजीए सत्र के इतर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच मुलाकात में इन मुद्दों पर समाधान की कोशिश होगी। माना जा रहा है कि यह बैठक किसी ट्रेड डील की दिशा में रास्ता खोल सकती है।

भारत का रुख स्पष्ट
भारत ने अमेरिकी टैरिफ का विरोध करते हुए इसे अनुचित और तर्कहीन करार दिया है। सरकार का कहना है कि किसी भी समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। पीएम मोदी ने भी स्पष्ट कहा है कि वे व्यक्तिगत राजनीतिक कीमत चुकाने को तैयार हैं, लेकिन किसानों के हितों पर आंच नहीं आने देंगे।

फिलहाल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र के प्रारंभिक कार्यक्रम में उनका भाषण 26 सितंबर को तय है।

Popular Articles