Top 5 This Week

Related Posts

पोलैंड-रूस सीमा पर तनाव, सैन्य अभ्यास से बढ़ी चिंता

वारसॉ/मॉस्को/कीव। पूर्वी यूरोप में हालात तेजी से तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। पोलैंड की सीमा से सटे इलाकों में रूस और बेलारूस ने संयुक्त सैन्य अभ्यास जापाड-2025′ की शुरुआत कर दी है। अभ्यास के पहले ही दिन पोलैंड हाई अलर्ट पर आ गया है। इस बीच, नाटो सहयोगी के रूप में फ्रांस ने एकजुटता दिखाते हुए पोलैंड में राफेल लड़ाकू विमानों की तैनाती की घोषणा की है।

रूस-बेलारूस का दो चरणों वाला अभ्यास

रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस अभ्यास के पहले चरण में दोनों देश संभावित हमलों से सामूहिक रक्षा का अभ्यास कर रहे हैं। दूसरे चरण में जमीन पर कब्जा बनाए रखने और दुश्मन को तबाह करने जैसे युद्धाभ्यास होंगे। मंत्रालय का कहना है कि इस कार्रवाई में सहयोगी देशों की सेनाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।

पोलैंड-रूस के बीच बढ़ता तनाव

हाल ही में रूसी ड्रोन पोलैंड की सीमा में घुस गए थे, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। रूस ने सफाई दी कि ये ड्रोन वास्तव में यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से को निशाना बनाने के लिए भेजे गए थे।

क्रेमलिन ने इस सैन्य अभ्यास को सामान्य प्रक्रिया” बताया और कहा कि यूरोप की चिंताएं रूस-विरोधी मानसिकता का नतीजा हैं।

अमेरिका और पोलैंड की प्रतिक्रिया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ड्रोन प्रकरण को गलती बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से वे खुश नहीं हैं और रूस पर जल्द कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। वहीं, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने ट्रंप की राय से असहमति जताते हुए कहा कि ड्रोन का प्रवेश साजिश का हिस्सा था, न कि गलती।

जयशंकर का कूटनीतिक प्रयास

तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस सिकोरस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति की आवश्यकता पर जोर देते हुए यूक्रेन युद्ध को जल्द समाप्त करने की अपील की।

यूक्रेन के हमले और प्रतिक्रिया

इसी बीच, यूक्रेन ने रूस के सबसे बड़े तेल टर्मिनल प्रिमोर्स्क बंदरगाह पर ड्रोन हमला किया। हमले से दो जहाजों और एक पंपिंग स्टेशन में आग लग गई, हालांकि तेल भंडार को कोई नुकसान नहीं हुआ। रूसी गवर्नर के अनुसार, 30 से अधिक ड्रोन आकाश में ही नष्ट कर दिए गए जबकि कुछ ने नुकसान पहुंचाया।
यूक्रेन ने मास्को पर भी ड्रोन हमला करने की कोशिश की, लेकिन रूसी रक्षा तंत्र ने राजधानी तक पहुंचने से पहले ही सभी 9 ड्रोन मार गिराए।

प्रिंस हैरी का अचानक दौरा

तनावपूर्ण माहौल के बीच ब्रिटेन के प्रिंस हैरी अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। उनका यह दौरा युद्ध में घायल यूक्रेनी सैनिकों के प्रति सद्भावना प्रदर्शित करने के उद्देश्य से बताया जा रहा है।

Popular Articles