Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी से मिले इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम, विकास सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। भारत दौरे पर आए इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) के बीच सहयोग को और मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने प्रिंस रहीम आगा खान पंचम के पिता और पूर्व इमाम दिवंगत आगा खान चतुर्थ के विकास कार्यों में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत और AKDN के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर बातचीत हुई।

बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। सरकार और AKDN पहले से ही भारत में विभिन्न सामाजिक विकास और सामुदायिक परियोजनाओं से जुड़े हुए हैं।

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम 9 से 15 सितंबर तक भारत की यात्रा पर हैं। यह 50वें इमाम के रूप में पद संभालने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। उनका यह दौरा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर हो रहा है।

भारत प्रवास के दौरान प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। इसके अलावा वह गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रम में अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का दौरा भी शामिल है, जहां AKDN विभिन्न विकास और सामुदायिक पहलों में सक्रिय है।

प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात को भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सामाजिक विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular Articles