Tuesday, July 1, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी-राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात पर जेलेंस्की ने दिया था तीखा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया रूस दौरे के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की टिप्पणी पर सोमवार को भारत ने अपनी नाराजगी जाहिर की। राजनयिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।   बताया जा रहा है कि जेलेंस्की की टिप्पणी पर भारत की नाराजगी के बारे में यूक्रेन के दूतावास को बताया गया है। सूत्रों ने कहा कि नई दिल्ली ने जेलेंस्की की टिप्पणी पर भारतीय पक्ष के बारे में कीव को अवगत करा दिया है। हालांकि, अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पिछले मंगलवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति ने मोदी की मॉस्को यात्रा को ‘बहुत निराशाजनक’ और शांति प्रयासों के लिए एक ‘झटका’ बताया था। एक्स पर एक पोस्ट में जेलेंस्की ने खासतौर पर यूक्रेन पर रूस के मिसाइल हमलों का जिक्र किया था, जिसमें उसी दिन कीव में बच्चों के अस्पताल पर हमला शामिल था। जेलेंस्की ने लिखा था, “रूस ने यूक्रेन में बच्चों के सबसे बड़े अस्पताल पर मिसाइल से हमला किया, जिसमें युवा कैंसर रोगियों को निशाना बनाया गया। कई मलबे के नीचे दब गए। इससे बहुत निराशा हुई। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता को एक ऐसे दिन पर मॉस्को में दुनिया के सबसे खूनी अपराधी को गले लगाते देखना शांति प्रयासों के लिए एक बहुत बड़ा झटका है।”

पीएम मोदी ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद 8 और 9 जुलाई को अपना पहला मॉस्को दौरा किया। पुतिन के साथ शिखर वार्ता में मोदी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा था कि यूक्रेन संघर्ष का समाधान युद्ध के मैदान में संभव नहीं है और बम, बंदूक और गोलियों के बीच शांति वार्ता सफल नहीं हो सकती। कीव में बच्चों के अस्पताल पर हुए हमले की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने पुतिन के सामने कहा था, अगर लोगों की जान जाती है तो मानवता में भरोसा करने वाला हर व्यक्ति दुखी होता है। उस पर भी अगर बेगुनाह बच्चों की हत्या हो, निर्दोष बच्चें मरें तो दिल छलनी हो जाता है और बहुत पीड़ा होती है। मुझे कल आपके साथ इन मुद्दों पर बात करने का अवसर मिला।

Popular Articles