Tuesday, February 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी ने इंजीनियर से वेदांत शिक्षक बने मैसेटी से की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील में जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद इंजीनियर से वेदांत शिक्षक बने जोनास मैसेटी से मुलाकात की। पीएम ने ब्राजील के लोगों के बीच गीता और वेदांत को लोकप्रिय बनाने के मैसेटी के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान संस्कृत रामायण की झलक देख पीएम गदगद नजर आए। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि जोनास मैसेटी और उनकी टीम से मुलाकात की। मैनें एक बार मन की बात कार्यक्रम में वेदांत और गीता के प्रति उनके जुनून का जिक्र किया था। उनकी टीम ने संस्कृत रामायाण की झलकियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया में प्रभाव डाल रही है। यह बहुत सराहनीय है। कार्यक्रम के दौरान मैसेटी और उनकी टीम ने पीएम मोदी का अभिवादन किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 29 नवंबर 2020 को अपने मन की बात कार्यक्रम में मैसेटी के प्रयासों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि ब्राजील में रहने वाले मैसेटी वेदांत के साथ ही गीता को लोगों के बीच लोकप्रिय बना रहे हैं। वह हमारी संस्कृति और लोकाचार को लोकप्रिय बनाने के लिए तकनीक का भी प्रयोग करते हैं। पीएम मोदी ने लिखा था कि मैसेटी एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। वह शेयर बाजार से जुड़ी एक कंपनी में काम करते थे। बाद में उन्हें भारतीय संस्कृति और वेदांत में रुचि पैदा हुई। पीएम मोदी ने इसे शेयर से आध्यात्मिकता की लंबी यात्रा कहा था।

पीएम ने कहा था कि मैसेटी ब्राजील में राजधानी से लगभग एक घंटे की दूरी पर पेट्रोपोलिस पहाड़ियों के बीच विश्वविद्या नामक संस्थान चलाते हैं। उन्होंने भारत में वेदांत का अध्ययन किया है। वह अपने संदेश को प्रचारित करने के लिए तकनीक को अपनाते हैं और नियमित ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करते हैं। बीते सात साल में उन्होंने 1.5 लाख से ज्यादा छात्रों को अपना फ्री ओपन कोर्स पढ़ाया है।

Popular Articles