Thursday, March 5, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पाकिस्तान में ड्रोन की मदद से निकाले जा रहे बाढ़ में फंसे लोग, अब तक 9 लाख लोगों का हुआ रेस्क्यू

इस्लामाबाद।
पाकिस्तान इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। लगातार बारिश और नदियों के उफान से हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि अबतक करीब 9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राहत और बचाव कार्यों में पहली बार बड़े पैमाने पर ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसने मुश्किल इलाकों तक पहुंचना आसान बना दिया है।

राहत एजेंसियों के अनुसार, कई प्रांतों में बाढ़ का पानी गांवों और कस्बों में भर गया है, जिससे हजारों लोग अपने घरों में फंस गए थे। सेना और आपदा प्रबंधन टीमें ड्रोन की मदद से इन इलाकों का हवाई सर्वे कर रही हैं और फंसे लोगों का लोकेशन ट्रैक कर बचाव अभियान चला रही हैं। ड्रोन के जरिए भोजन पैकेट और दवाइयां भी पहुंचाई जा रही हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब भी लाखों लोग राहत का इंतजार कर रहे हैं। कई जगह सड़क और पुल बह जाने से जमीनी संपर्क पूरी तरह कट गया है, जिसके कारण राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही थीं। ऐसे में ड्रोन तकनीक बड़ी सहूलियत साबित हो रही है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने बताया कि अब तक हजारों परिवारों को अस्थायी शिविरों में शिफ्ट किया गया है। वहीं, सेना के हेलिकॉप्टर और नौकाएं भी बचाव कार्यों में जुटे हैं। हालांकि, बाढ़ से लाखों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है और पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण पाकिस्तान में बाढ़ की घटनाएं बार-बार और ज्यादा विनाशकारी रूप में सामने आ रही हैं। ऐसे में तकनीक आधारित राहत प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

Popular Articles