चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव करते हुए पार्टी हाईकमान ने पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए।
राहुल गांधी को सौंपा इस्तीफा
राजा वड़िंग ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने इस दौरान पंजाब कांग्रेस की स्थिति और अपने साढ़े चार वर्षों के अनुभव से पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया। उनके इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में परगट सिंह के नाम की घोषणा कर दी गई।
कई नेताओं के नाम थे चर्चा में
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर पिछले कई महीनों से चर्चा चल रही थी। इस पद के लिए विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुखता से सामने आया था। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नामों पर भी विचार किए जाने की चर्चा थी। अंततः पार्टी हाईकमान ने परगट सिंह को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी।
2027 के विधानसभा चुनाव पर नजर
परगट सिंह के सामने अब पार्टी के विभिन्न गुटों के बीच समन्वय स्थापित करने और संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रहे मतभेदों के बीच उन्हें नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की दिशा में काम करना होगा।
इसके साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। कांग्रेस नेतृत्व ने हाल के दिनों में पंजाब प्रभारी सचिन पायलट के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया था। अब नए अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर रहेगी।





