Wednesday, July 16, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

पंचायत चुनाव प्रचार को धार देने निकले प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, चार दिवसीय दौरा आज से

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान को तेज़ करने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट बुधवार से चार दिवसीय प्रवास पर निकल रहे हैं। यह दौरा प्रदेशाध्यक्ष के दोबारा नियुक्त होने के बाद उनका पहला सघन सांगठनिक कार्यक्रम होगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि महेंद्र भट्ट का यह दौरा देहरादून ग्रामीण क्षेत्र से शुरू होकर उत्तरकाशी के गंगा-यमुना घाटी तक फैला रहेगा। बुधवार को उनका दौरा सहसपुर और विकासनगर से शुरू होगा, जहां वे पंचायत चुनाव से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों—जिला अध्यक्ष, प्रभारी, सह प्रभारी, चुनाव समन्वयक एवं विधानसभा विस्तारकों के साथ बैठक करेंगे।

इसके बाद वे चकराता में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन वहीं पंचायत चुनाव विषयक बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात कालसी होते हुए पुरोला पहुंचेंगे, जहां 18 जुलाई को पुरोला और यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी।

दौरे के तीसरे दिन वे बड़कोट क्षेत्र का भ्रमण करते हुए उत्तरकाशी में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रवास के अंतिम दिन 19 जुलाई को वे गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों के पंचायत चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्षों, समन्वयकों और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत रणनीतिक बैठकों में भाग लेंगे।

इस दौरान उनके साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी लगातार मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस प्रवास का उद्देश्य चुनावी अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती देना, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और पंचायत स्तर पर पार्टी की रणनीति को धार देना है।

यह प्रवास संगठन की जमीनी मजबूती के साथ-साथ पंचायत चुनावों में भाजपा की सक्रियता और गंभीरता को भी दर्शाता है।

Popular Articles