नैनीताल। नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में कथित गड़बड़ी के मामले में अब बड़ा मोड़ आने वाला है। गुरुवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट में इस प्रकरण पर सुनवाई होगी। कोर्ट के आदेशानुसार, राज्य निर्वाचन आयोग को आज अपने निर्णय की जानकारी अदालत के समक्ष प्रस्तुत करनी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीते दिनों नैनीताल की जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को राज्य निर्वाचन आयोग के समक्ष पेश होकर चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपना पक्ष रखना पड़ा था। दोनों अधिकारियों ने आयोग के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट और अपने तर्क रखे थे।
हाईकोर्ट ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आयोग चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से विचार करे और अपना निर्णय लेकर अदालत को अवगत कराए। सूत्रों के मुताबिक, राज्य निर्वाचन आयोग ने इस मामले पर अपनी राय तैयार कर ली है और उसे अदालत में प्रस्तुत भी कर दिया है। हालांकि आयोग ने क्या फैसला लिया है, यह सुनवाई के दौरान ही साफ होगा।
चुनाव में गड़बड़ी से जुड़े इस मामले पर राजनीतिक हलकों और स्थानीय जनता की भी नजर टिकी हुई है। कोर्ट की सुनवाई और आयोग का निर्णय आगे की राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा तय करेगा।





