नई दिल्ली/काठमांडू। नेपाल में हाल ही में अंतरिम सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नेपाल में शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों के प्रति भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
मोदी ने जताई संवेदना, दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बातचीत का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया— “नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। हाल ही में हुई दुखद जनहानि पर हार्दिक संवेदना व्यक्त की और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों के प्रति भारत के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की। इसके साथ ही, मैंने उन्हें और नेपाल की जनता को कल उनके राष्ट्रीय दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।”
नेपाल में हालात सामान्य होने की ओर
नेपाल में जेन जी आंदोलन के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शनों ने देश को गहरे तनाव में डाल दिया था। कई इलाकों में कर्फ्यू और इंटरनेट प्रतिबंध तक लगाए गए। हालांकि अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। सरकारी दफ्तरों और बाजारों में गतिविधियां दोबारा शुरू हो चुकी हैं। प्रशासन का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और जनता राहत महसूस कर रही है।
भारत-नेपाल संबंधों पर सकारात्मक संदेश
मोदी और कार्की के बीच हुई बातचीत को दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। भारत ने हमेशा नेपाल में स्थिरता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के समर्थन की बात कही है। मौजूदा हालात में प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश नेपाल की अंतरिम सरकार और वहां की जनता के लिए भरोसा और सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है।





